सरदार पटेल की जयंती पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया माल्यार्पण, राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर/हेतिमपुर। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर नगर पंचायत हेतिमपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने पहुंचकर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सरदार पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और अदम्य साहस का प्रतीक है। स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है, जिसे देश सदैव याद रखेगा।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, समृद्ध और एकजुट भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में निवर्तमान जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, देसही मंडल अध्यक्ष उमापति सिंह, तरकुलवा ब्लॉक प्रमुख रामाशीष गुप्ता, हेमंत पाठक, तरकुलवा नगर अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा, मंडल महामंत्री संजय कुशवाहा, धनंजय त्रिपाठी सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के राष्ट्र के प्रति समर्पण और योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट: ज्ञानेश्वर बरनवाल
कुशीनगर, उत्तर प्रदेश

और पढ़ें

[the_ad id="164"]