76 पात्र लाभार्थियों के आवास निरस्त करने का आरोप, डूडा विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर शाहजहांपुर में महिलाओं ने डूडा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सर्व धर्म एकता समिति के बैनर तले महिलाएं थाना सदर बाजार क्षेत्र में सुदामा प्रसाद के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गई हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 76 पात्र लोगों के आवास निरस्त कर दिए गए हैं। इसको लेकर लाभार्थियों में नाराजगी है। महिलाओं ने मांग की है कि पात्र लोगों को योजना का लाभ दिया जाए और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
अधिकारियों को हटाने और जांच कराने की मांग
सर्व धर्म एकता समिति की महिला प्रदेश अध्यक्ष रीना शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने एपीओ राकेश कुमार और अनुज सैनी को पद से हटाने की मांग की है। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों की संपत्ति की जांच कराने और गिरफ्तारी की मांग भी उठाई गई है।
महिलाओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पात्र लाभार्थियों को न्याय दिलाने की अपील की है।
प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जाती है। ऐसे में पात्र लाभार्थियों के आवास निरस्त किए जाने के आरोपों ने मामले को चर्चा में ला दिया है।
फिलहाल, प्रदर्शनकारी महिलाएं अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठी हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और महिलाओं की शिकायतों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
संवाददाता: धर्मेंद्र कुमार शर्मा









