शाहजहांपुर। किसानों से धान खरीद व्यवस्था को सुचारु और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जलालाबाद के एसडीएम ने मंडी परिसर स्थित धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर तौल, बारदाना, भंडारण और धान उठान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही सभी केंद्र प्रभारियों को जरूरी इंतजाम समय रहते दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक किसान का धान निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को चेतावनी दी कि किसानों के धान की तौल समय से सुनिश्चित की जाए। यदि किसी केंद्र पर जानबूझकर तौल में देरी की गई तो संबंधित प्रभारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस बार जिले में कुल 24 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। एसडीएम ने किसानों से अपील की कि वे समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री करा लें, ताकि धान बिक्री और भुगतान में कोई समस्या न आए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शाहजहांपुर संवाददाता- धर्मेंद्र कुमार शर्मा
दिनांक- 31 अक्टूबर 2026









