ऋषिकेश। राष्ट्रीय महिला आयोग और उत्तराखंड राज्य महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में एम्स ऋषिकेश में शक्ति समागम सृजन से समृद्धि कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान और एम्स निदेशक डॉ. मीनू सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
अपने संबोधन में विजया रहाटकर ने देश और प्रदेश की महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं छोटे व्यवसायों से आर्थिक रूप से सक्षम हो रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं।
उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, कानूनी सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने बताया कि भारत ने 2030 तक बाल विवाह मुक्त होने का लक्ष्य रखा है और इस साल 10 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य है। उन्होंने महिलाओं से बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।









