मामूली कहासुनी के बाद दो सेल्समैनों पर मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
रामपुर। थाना गंज क्षेत्र के बिलासपुर गेट स्थित एक देसी शराब की दुकान में युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, एक युवक शराब खरीदने के लिए दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी दुकान पर मौजूद सेल्समैनों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकान के दो सेल्समैनों ने युवक को दुकान के अंदर बंद कर दिया और उसके साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की।
घटना के दौरान शराब की दुकान के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
रिपोर्ट- हरविन्दर दिवाकर









