वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- अराजकता से नहीं बदलती सरकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एमएलसी चुनाव में सपा की जीत को उम्मीदवारों के चेहरे का परिणाम बताया, कांग्रेस को कहा कंफ्यूज पार्टी
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सोमवार को शाहजहांपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। हालिया एमएलसी चुनाव में सपा की पांच सीटों पर जीत को लेकर उन्होंने कहा कि यह समाजवादी पार्टी की नहीं, बल्कि उसके उम्मीदवारों के चेहरे की जीत है। इसलिए सपा को ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि एमएलसी चुनाव में उत्तर प्रदेश से कांग्रेस का सफाया हो गया है। कांग्रेस ऐसी स्थिति में नहीं है कि प्रदेश में अपना उम्मीदवार खड़ा कर सके। उन्होंने कांग्रेस को कंफ्यूज और अराजकतावादी पार्टी करार दिया।

चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर हुए धरना-प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में धरना देने का अधिकार है, लेकिन अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं है। संवैधानिक तरीके से चुनी गई सरकार को चुनौती देने का प्रयास जनता के हित में नहीं है।

वित्त मंत्री ने बताया कि तीन नवंबर को बरेली में भाजपा की रैली आयोजित होगी, जिसका नारा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ‘ रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकारें अराजकता से नहीं बदलतीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश में कोई विकल्प नहीं है।

सपा के पीडीए नारे पर उन्होंने कहा कि पार्टी लोगों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि योगी-मोदी के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी और सपा-कांग्रेस सत्ता से दूर रहेंगी।

संवाददाता- धर्मेंद्र कुमार शर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]