बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान मुरासु ने बढ़ाई चिंता, आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु लगातार तेज हो रहा है| इसके संभावित प्रभाव को देखते हुए तटीय राज्यों में सतर्कता बढ़ा दी गई है|

आंध्र प्रदेश के तट पर टकराने का अनुमान

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान मुरासु अब ज्यादा खतरनाक रूप लेता दिखाई दे रहा है| मौसम की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इसके आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की ओर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. अनुमान है कि तूफान 2 नवंबर की रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच नेल्लोर और नरसापुर के तटीय क्षेत्र में ओंगोल के आसपास दस्तक दे सकता है| इसके तट से गुजरने के दौरान तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की संभावना को लेकर चिंता बढ़ गई है| हालांकि, तूफान की दिशा और उसकी गति में बदलाव होने पर इसके प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी परिवर्तन हो सकता है|

100 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, मुरासु के तट से टकराने के समय इसकी रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है| वहीं, हवा के तेज झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है| तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है| इसके अलावा समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की आशंका है| प्रशासन की ओर से लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और समुद्र के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है|

चेन्नई और तिरुवल्लुर में स्कूल-कॉलेज बंद

चक्रवात के असर से तमिलनाडु के कई जिलों में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है| भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए चेन्नई और तिरुवल्लुर जिला प्रशासन ने 2 नवंबर को स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया है| यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है| मौसम विभाग ने चेन्नई के अलावा कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, रानीपेट और वेल्लोर समेत कई जिलों में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है| प्रशासन मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है|

और पढ़ें

[the_ad id="164"]