मुंबई निवासी आरोपी गिरफ्तार, दुबई, सऊदी अरब और बहरीन तक होती थी तस्करी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुर्लभ पक्षियों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने गिरोह के एक सदस्य फिरोज मसर्रत खान को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से सात दुर्लभ बाज (फाल्कन) बरामद किए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी अनुमानित कीमत करीब 14 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

एसटीएफ के मुताबिक, 30 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि पक्षियों की तस्करी से जुड़ा एक आरोपी लखनऊ पहुंचा है। इसके बाद टीम ने मदेयगंज थाना क्षेत्र के इरादतनगर मोहल्ले में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे एक मकान पर छापा मारा। यहां से मुंबई निवासी फिरोज मसर्रत खान को गिरफ्तार कर सात दुर्लभ बाज बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित पक्षियों और वन्यजीवों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी दी। बताया कि गिरोह के सदस्य गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से दुर्लभ पक्षियों को पकड़ते थे। इसके बाद उन्हें मुंबई के रास्ते दुबई, सऊदी अरब और बहरीन जैसे खाड़ी देशों में भेजा जाता था।
एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस करेगी।









