महावन। तहसील महावन में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं एसएसपी श्लोक कुमार ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के लिए संबंधित विभागों को निष्पक्षता एवं उच्च गुणवत्ता के साथ एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए और पीड़ितों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। भूमि संबंधी मामलों में विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि चकरोड, गोचर भूमि, सरकारी भूमि अथवा किसी व्यक्ति की निजी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि भूमि कब्जे से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जनगणना के लिए बीएलओ के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कराएं। वहीं, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा जिन लोगों के नाम पिछली मतदाता सूची में छूट गए हैं, उन्हें भी अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने की अपील की।
वाइट: डीएम सीपी सिंह
(संवाददाता: कोमल पाराशर)









