महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक शिकायत पर उसकी प्रकृति के अनुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को जनसुनवाई और महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर समाधान योग्य शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। किसी भी प्रकरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही, शिकायतों पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा कर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन की समस्याओं के समाधान, पीड़ितों को सुलभ पुलिस सहायता उपलब्ध कराने और शिकायत निस्तारण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का उचित समाधान किया जाए।
महराजगंज पुलिस ने कहा कि आमजन की शिकायतों पर न्यायसंगत कार्रवाई करना और पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत बनाए रखना प्राथमिकता है।









