बाराबंकी में देवा मेला-2026 का भव्य शुभारंभ, अमन-शांति और कौमी एकता के संदेश से गूंजा मेला परिसर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सूफियाना कव्वाली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंग-बिरंगे आकर्षणों ने मोहा लोगों का मन, 28 अक्टूबर को मोहम्मद दानिश देंगे प्रस्तुति

बाराबंकी। विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक देवा मेला-2026 का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। सूफी संत हजरत हाजी वारिस अली शाह की रूहानी सरजमीं पर आस्था, अध्यात्म और गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी झलक देखने को मिली। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की धर्मपत्नी आईएएस रिया केजरीवाल ने शेख मोहम्मद हसन गेट पर फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान सफेद कबूतर उड़ाकर अमन, शांति और भाईचारे का संदेश दिया गया।

मेले के शुभारंभ पर शहनाई की मधुर धुनों और पीएसी बैंड की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। मेले में सजी रंग-बिरंगी दुकानें, आकर्षक झूले, पशु बाजार और मनोरंजन के विभिन्न साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बड़ी संख्या में जायरीन और स्थानीय लोगों की चहल-पहल देखने को मिली।

शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बहार सुगम संगीत प्रभाग के छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना और सूफियाना कव्वाली प्रस्तुत की। वहीं शिवराजे म्यूजिकल बैंड ने बॉलीवुड गीतों के मैशअप से दर्शकों का मनोरंजन किया। अरुणोदय पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने ‘महिषासुर मर्दिनी’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि देवा मेला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। हजरत हाजी वारिस अली शाह की शिक्षाएं प्रेम, सद्भाव और इंसानियत का संदेश देती हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि मेले में आने वाले सभी जायरीन और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

28 अक्टूबर को मोहम्मद दानिश की होगी संगीत प्रस्तुति

देवा मेला-2026 में 28 अक्टूबर को भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक खेलकूद मैदान में हॉकी प्रतियोगिता और ऑडिटोरियम में माध्यमिक शिक्षा विभाग के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शाम 4 बजे से 7 बजे तक सुगम संगीत का आयोजन किया जाएगा। वहीं, शाम 7 बजे से इंडियन आइडल फेम मोहम्मद दानिश अपनी संगीत प्रस्तुति देंगे।

आस्था, संस्कृति और मनोरंजन के संगम के रूप में देवा मेला एक बार फिर प्रेम, सौहार्द, कौमी एकता और साझा विरासत का संदेश दे रहा है।

रिपोर्टर: रवेंद्र वर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]