परिवहन मेले में मिलीं ऑनलाइन सुविधाओं की सौगात, घर बैठे करा सकेंगे 48 सेवाओं का लाभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आगरा। योगी सरकार के निर्देश पर परिवहन विभाग की ओर से प्रदेशभर में परिवहन मेला आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आगरा के संभागीय परिवहन कार्यालय में परिवहन मेले का आयोजन किया गया। इसमें वाहन स्वामियों और आम लोगों को परिवहन विभाग की ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में डीआईजी शैलेश पांडे शामिल हुए। वहीं डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर दिवीशा सिंह ने विभाग की ओर से शुरू की गई नई सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की 42 सुविधाओं को फेसलेस कर दिया गया है। अब लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए आरटीओ कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। घर बैठे ही ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन ट्रांसफर, एनओसी, टैक्स जमा करने, टैक्स में छूट और परमिट नवीनीकरण सहित कुल 48 सेवाओं का लाभ ऑनलाइन लिया जा सकेगा।

इसके अलावा एकमुश्त टैक्स जमा करने में असमर्थ वाहन स्वामियों के लिए किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी गई है। वहीं अपनी निर्धारित अवधि पूरी कर चुके वाहनों को डिस्पोज ऑफ कराने पर नया वाहन खरीदने पर उसके टैक्स में 10 से 15 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी।

दिवीशा सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग की इन सुविधाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंडल के सभी परिवहन कार्यालयों में प्रत्येक माह के चौथे शुक्रवार को परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। इससे लोगों को परिवहन संबंधी सेवाएं सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से मिल सकेंगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]