महराजगंज, पराली जलाने से होने वाले पर्यावरणीय प्रदूषण और उसके दुष्प्रभावों को लेकर तहसील सभागार निचलौल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी निचलौल एवं क्षेत्राधिकारी निचलौल ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ किसानों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को बताया कि फसल अवशेष यानी पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और भूमि की उर्वरा शक्ति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद उपयोगी सूक्ष्म जीव और पोषक तत्व भी नष्ट हो जाते हैं। इसके अलावा आग फैलने से जन-धन की हानि होने की आशंका भी बनी रहती है।
अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं, बल्कि कृषि विभाग द्वारा बताए गए वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीकों से उनका उचित प्रबंधन करें। पराली के निस्तारण के लिए उपलब्ध कृषि यंत्रों और वैकल्पिक उपायों का इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सर्किल निचलौल के समस्त थाना प्रभारी, राजस्व निरीक्षक, हल्का लेखपाल एवं बीट पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने किसानों से पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा पराली जलाने की घटनाओं को रोकने में प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील की।









