कानपुर। दीपावली और भाई दूज के त्योहार को देखते हुए मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर के तीन स्थानों पर छापेमारी कर करीब 10 क्विंटल खराब मिठाई और 270 किलोग्राम अस्वच्छ खोया नष्ट कराया गया। नष्ट की गई खाद्य सामग्री की अनुमानित कीमत 2.95 लाख रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्वर्ण जयंती विहार, कोयला नगर स्थित एक मिष्ठान निर्माणशाला का औचक निरीक्षण किया। यहां करीब 10 क्विंटल खराब रंगीन मिठाई मिली, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई। टीम ने मिठाई मौके पर नष्ट कराने के साथ ही अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्माण होने पर काम तत्काल बंद करा दिया। प्रतिष्ठान का पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति भी की गई है। मौके से दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

वहीं, घंटाघर के पास जांच के दौरान एक इको वाहन से औरैया से लाया जा रहा 240 किलो खोया बरामद हुआ। गंदे कपड़ों में रखे इस खोये की कीमत करीब 84 हजार रुपये थी। टीम ने इसे जब्त कर नष्ट करा दिया।
इसी क्रम में पनकी स्थित रामनरेश कैटरर्स के यहां निरीक्षण में 30 किलो खोया अस्वच्छ हालत में मिला। इसकी कीमत 11,400 रुपये बताई गई। टीम ने नमूना लेकर शेष खोया नष्ट करा दिया। विभाग के अनुसार नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।









