चक्रवाती तूफान ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, धान की फसल बर्बाद होने से लाखों का नुकसान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कर्ज लेकर खेती करने वाले किसानों के सामने आर्थिक संकट, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से जल्द मुआवजा दिलाने की लगाई गुहार

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), चंदौली। चक्रवाती तूफान ने चंदौली जिले के किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। तेज हवा और बारिश के चलते खेतों में खड़ी धान की फसल बर्बाद होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कहीं फसल खेतों में गिरकर नष्ट हो गई तो कहीं पूरी उपज प्रभावित हो गई है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। खेती में लगाई गई जमा पूंजी डूबने के साथ ही कर्ज की अदायगी की चिंता भी सताने लगी है।

किसान गुलाब यादव ने बताया कि चक्रवाती तूफान से उन्हें करीब 60 से 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी से अपील की कि किसानों की स्थिति को देखते हुए नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा दिलाया जाए।

वहीं अर्जुन यादव ने बताया कि उनकी करीब 15 से 20 बिस्वा फसल प्रभावित हुई है। इससे लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।

कुंडाखुर्द निवासी सत्यजीत सिंह ने बताया कि उनकी करीब ढाई बीघा धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। उन्होंने कर्ज लेकर और खेत किराये पर लेकर खेती की थी। खाद, मजदूरी और अन्य खर्च मिलाकर उन्हें करीब डेढ़ से पौने दो लाख रुपये की क्षति हुई है।

इसी तरह कुंडाखुर्द निवासी दिनेश यादव की करीब एक बीघा धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे लगभग 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। किसान बसंत लाल यादव को भी तूफान के कारण फसल की क्षति उठानी पड़ी है।

सभी प्रभावित किसानों ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से विशेष अपील करते हुए कहा कि खेतों में हुए नुकसान का जल्द से जल्द सर्वे कराया जाए और वास्तविक क्षति का आकलन कराकर मुआवजे की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। किसानों का कहना है कि समय पर आर्थिक सहायता मिल जाए तो उन्हें दोबारा खेती और परिवार की जरूरतें पूरी करने में बड़ी राहत मिलेगी।

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]