अमेठी में पुलिस और अंतर्जनपदीय बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो शातिर चोर गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेठी। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन चक्रव्यूह के अंतर्गत स्वाट टीम, बाजार शुकुल और इन्हौना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो अंतर्जनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के कुकहा रामपुर गांव के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बदमाशों से सामना हो गया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ सेनापति के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से घायल वकील और उसके भाई चांद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार वकील के खिलाफ अमेठी, बाराबंकी और अयोध्या जनपद के विभिन्न थानों में चोरी सहित 32 मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले दोनों भाइयों ने शिवरतनगंज क्षेत्र के चार घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस, सोने-चांदी के जेवरात और एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई को जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

रिपोर्टर – नितेश तिवारी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]