कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में सात की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तिलक समारोह से लौट रहे थे कार सवार, हादसे में एक किशोर गंभीर रूप से घायल; बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

कुशीनगर। जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के थारूआडीह में कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में कार सवार सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भलुही थाना कप्तानगंज निवासी कन्हैया प्रसाद (45) अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने ग्राम देवराज पिपरा थाना हाटा गए थे। समारोह अश्वनी कुमार भारती का था, जो पुलिस विभाग में स्टेनो के पद पर कार्यरत हैं। उनकी शादी महराजगंज जनपद के बभनौली निवासी रामदुलारे भारती की पुत्री पूजा से तय हुई है।

कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी लोग कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान थारूआडीह के पास कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान मृदुल मिश्रा (38), कन्हैया प्रसाद (45), मिथिलेश गुप्ता (21), रंजय गुप्ता (37), राममिलन प्रसाद (38), रामविलास (65) और आयुष प्रसाद (17) के रूप में हुई है। वहीं, राममिलन प्रसाद के पुत्र आर्यन प्रसाद (16) घायल हैं। उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

 

रिपोर्टर,, ज्ञानेश्वर बरनवाल
कुशीनगर, उत्तर प्रदेश

और पढ़ें

[the_ad id="164"]