बोलेरो में सीटें हटाकर गोवंशीय पशुओं की करते थे तस्करी, पुलिस ने तमंचा, कारतूस, 1856 रुपये नकदी और एक बछड़ा किया बरामद; घायल आरोपी पर दर्ज हैं 14 मुकदमे
रामकोला (कुशीनगर)। जिले में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामकोला पुलिस, पडरौना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार की रात धर्मसमदा मंदिर के पास पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में एक पशु तस्कर के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से कुछ दूरी पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, बोलेरो वाहन, 1856 रुपये नकदी और एक बछड़ा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात आरटी सेट के माध्यम से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन रगड़गंज बैरियर तोड़कर भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। रामकोला पुलिस, पडरौना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से धर्मसमदा मंदिर के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि वाहन से उतरकर भाग रहे एक आरोपी ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बीर अब्दुल हमीद नगर हरिहर छपरा निवासी सदरे आलम उर्फ छोटू पुत्र रियासत के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
वहीं, मौके से फरार हुए दूसरे आरोपी अली खान पुत्र आबिद खान को घटनास्थल से कुछ दूरी पर तलाश के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
बोलेरो की सीटें हटाकर करते थे तस्करी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर रहे थे। पुलिस की निगरानी और लगातार कार्रवाई के कारण उन्होंने पिकअप वाहन से तस्करी करना बंद कर दिया था। इसके बाद उन्होंने बोलेरो वाहन को तस्करी का जरिया बनाया। इसके लिए वाहन की बीच और पीछे की सीटें निकाल देते थे, ताकि उसमें गोवंशीय पशुओं को आसानी से लादकर ले जाया जा सके। वाहन बाहर से सामान्य सवारी गाड़ी जैसा दिखाई देता था, जिससे पुलिस को शक न हो।
तमंचा, कारतूस और बछड़ा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बोलेरो वाहन संख्या UP21AE2796, 1856 रुपये नकद और एक बछड़ा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी सदरे आलम उर्फ छोटू का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 14 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं दूसरे आरोपी अली खान के खिलाफ भी पहले एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
इस मामले में थाना रामकोला में मुकदमा संख्या 564/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109, गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8, पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक सिंह, रामकोला थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार सिंह, पडरौना कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी सहित रामकोला थाने और स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी खड्डा अजय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।









