जानकारी के मुताबिक, कोटवा गांव में आयोजित मेले में खस्ता खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने बीमार लोगों की जांच कर उपचार शुरू किया। बाद में सीएमओ ने भी गांव पहुंचकर मरीजों की जांच और इलाज की स्थिति का जायजा लिया।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में कुल 102 लोग बीमार पाए गए, जिनमें 39 बच्चे और 63 वयस्क शामिल हैं। इनमें से 17 लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज तिलोई भेजा गया। मेडिकल कॉलेज भेजे गए मरीजों में 10 बच्चे और सात अन्य लोग शामिल हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह के मुताबिक, ग्राम प्रधान की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची थी। टीम मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
रिपोर्ट- नितेश तिवारी









