मुनिकीरेती। ऋषिकेश के पास शिवपुरी इलाके में रविवार सुबह गंगा में नहाने उतरे राजस्थान के जयपुर के एक युवक और एक युवती लापता हो गए। आशंका है कि दोनों गंगा के तेज बहाव में बह गए। लापता युवक राजस्थान सरकार के विद्युत विभाग में जूनियर इंजीनियर बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डीप डाइवर्स की मदद से गंगा में तलाश शुरू की। अब तक दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है।
मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ के मुताबिक जयपुर से चार पर्यटक घूमने के लिए एक दिन पहले शिवपुरी पहुंचे थे और एक कैंप में ठहरे थे। रविवार सुबह लवेश साटीवाल और चेतना मीणा अपने साथ आए राजकुमार मीणा और उनकी पत्नी को बताए बिना सुबह की सैर पर निकल गए। दोनों गंगा किनारे पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी बीच उन्होंने फोन कर बाकी साथियों को भी गंगा किनारे बुला लिया।
राजकुमार मीणा जब वहां पहुंचे तो दोनों नहीं दिखे। किनारे पर सिर्फ उनके कपड़े और मोबाइल रखे मिले। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने पुलिस को खबर दी।
एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि गंगा के निचले हिस्सों में लगातार खोजबीन चल रही है, लेकिन अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
(संवाददाता: सागर रस्तोगी)








