पंजाब के अमृतसर में पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़ी सरपंच के बेटे की जान चली गई. देर रात हुई इस घटना में उसका दोस्त भी घायल हुआ है, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए.
चौपाल के पास विवाद, 7-8 राउंड फायरिंग
यह घटना अमृतसर के जिला देहात क्षेत्र में चाटीविंड थाना अंतर्गत चिते कलां गांव की है. पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात करीब 10 बजे दो पक्षों के बीच विवाद हुआ. इसके बाद गोलियां चलने लगीं. फायरिंग में तीरथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना में उसका दोस्त रणजीत सिंह भी घायल हुआ है. अमृतसर के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल के अनुसार, हमलावरों ने करीब 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कई साल से चल रही थी दोनों परिवारों में रंजिश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी गुरदित सिंह और सरपंच के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था. दोनों पक्ष पहले भी कई बार आमने-सामने आ चुके थे. बताया जाता है कि पहले हुए विवादों के दौरान गांव के लोग बीच-बचाव कर मामला शांत करा देते थे. हालांकि, इस बार विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी में तीरथ सिंह की मौत हो गई. पुलिस अब घटना के पीछे की वजह और वारदात से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है.
आरोपियों की पहचान, FIR दर्ज कर जांच शुरू
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि पुलिस ने संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है. मामले में गुरजीत सिंह, गुरजंत सिंह, हरकीर सिंह उर्फ हाकी, गोरा नाम के व्यक्ति और गांव के नंबरदार समेत कई लोगों के नाम एफआईआर में शामिल किए गए हैं. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. तीरथ सिंह की मां गांव की सरपंच हैं, जबकि उनके भाई ब्लॉक समिति के सदस्य हैं. परिवार आम आदमी पार्टी से जुड़ा हुआ है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.









