ऋषिकेश। देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं से जुड़े प्रसिद्ध लोकपर्व इगास को लेकर ऋषिकेश में तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 20 नवंबर को आईडीपीएल ग्राउंड में इगास पर्व भव्य रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शाम चार बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन का यह नौवां वर्ष है।
कार्यक्रम को लेकर रेलवे रोड स्थित एक होटल में पूर्व महापौर एवं कार्यक्रम संयोजक अनीता ममगाईं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध जागर सम्राट एवं पद्मश्री प्रीतम भरतवाण अपनी शानदार संगीतमय प्रस्तुति से समां बांधेंगे।
उन्होंने बताया कि आयोजन में पहुंचने वाले लोगों को उत्तराखंड के पारंपरिक और स्वादिष्ट पहाड़ी व्यंजनों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही पारंपरिक भैलो खेलने और ढोल-दमाऊ की थाप पर लोकसंस्कृति की जीवंत झलक भी देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम के संरक्षक सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हैं। आयोजन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और सांसद अनिल बलूनी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई।
अनीता ममगाईं ने बताया कि इगास पर्व दीपावली के 11वें दिन मनाया जाता है। इस पर्व को लेकर उत्तराखंड में कई लोक मान्यताएं प्रचलित हैं। मान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी की खुशी में यह पर्व मनाया जाता है। वहीं, इसे तिब्बत के युद्ध में गढ़वाल के वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की विजय की स्मृति से भी जोड़कर देखा जाता है। पहाड़ों में इगास को बूढ़ी दिवाली के नाम से भी जाना जाता है।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उत्तराखंड की लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने वाले इस आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।
रिपोर्ट: सागर रस्तोगी।









