पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है। रविवार शाम जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अधिकारियों के साथ प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) नवीन अरोरा ने बताया कि वाराणसी, चंदौली और गाजीपुर समेत विभिन्न जनपदों के छठ घाटों पर लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ, पीएसी की फ्लड कंपनी, गोताखोरों और नावों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही घाटों पर स्वास्थ्य शिविर, खोया-पाया केंद्र और पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी सक्रिय किए गए हैं।
एडीजी ने बताया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड और मिशन शक्ति की महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। इसका उद्देश्य छिनैती, पॉकेटमारी और चेन व मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है। श्रद्धालुओं को लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सख्त रहेगी। इसके लिए रात 12 बजे से विशेष निगरानी शुरू कर दी जाएगी। तड़के तीन से साढ़े तीन बजे के बीच घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, एसडीएम, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









