मैनपुरी। अब जनगणना के लिए सरकारी कर्मचारियों के घर पहुंचने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जिले में स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई है। इसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार और सदस्यों की जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए कुल 40 सवालों के जवाब देने होंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।
सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि स्व-गणना के लिए 15 दिनों का समय निर्धारित किया गया है। एंड्रॉयड मोबाइल फोन के माध्यम से संबंधित वेबसाइट पर जाकर परिवार का विवरण ऑनलाइन भरा जा सकता है। इसके बाद प्रगणक घर-घर पहुंचकर वास्तविक गणना करेंगे। इस दौरान लोगों को अपनी यूनिक आईडी दिखानी होगी, जिससे पहले से दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सकेगा और आवश्यकता पड़ने पर संशोधन भी कराया जा सकेगा।
डीएम ने बताया कि इस बार जातीय जनगणना के साथ प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी। व्यक्ति वर्तमान में जिस स्थान पर रह रहा है, उसकी गणना उसी स्थान पर की जाएगी।
उन्होंने मतदाता सूची की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 12 लाख 76 हजार 375 मतदाता हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं के नाम भी जोड़े गए हैं। इनमें लगभग सात हजार पुरुष और तीन हजार महिलाएं शामिल हैं।
डीएम ने बताया कि जिले में जेंडर रेश्यो अभी भी चिंता का विषय है। मतदाता सूची में प्रति हजार पुरुषों पर महिलाओं का अनुपात लगभग 821 है, जबकि यह 881 होना चाहिए। इस अंतर को कम करने के लिए बूथवार अभियान चलाया जा रहा है। बीएलओ को नवविवाहित महिलाओं और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी युवतियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, दोहरे मतदाता पहचान के मामलों को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। बीएलओ को ग्राम पंचायत, नगर पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियां उपलब्ध कराई गई हैं। इनके मिलान के बाद ही नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति का नाम पहले से दूसरी विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज है तो उसका दोबारा नाम नहीं जोड़ा जाएगा और इसके कारण को भी दर्ज किया जाएगा।









