हरिद्वार में जनसुनवाई: 30 शिकायतें दर्ज, 18 का मौके पर निस्तारण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड समेत कई समस्याएं उठाई गईं।

इस दौरान रावली महदूद निवासी अर्जुन ने अपनी माता के मेडिकल बिल ईएसआईसी डिस्पेंसरी गोविंदपुरी में जमा नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से विस्थापित परिवारों ने आवंटित प्लॉटों पर दबंगों द्वारा कब्जे के प्रयास का मामला उठाते हुए पैमाइश कराने की मांग की।

सलेमपुर महदूद निवासी चमन चौहान ने होलिका दहन स्थल और विद्यालय के पास संचालित अवैध मीट की दुकानों को बंद कराने तथा स्कूलों के बाहर और गांव के विभिन्न स्थानों पर कूड़े की समस्या के समाधान की मांग की। इसके अलावा नया हरिद्वार कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने और सलेमपुर महदूद की सिद्धिविनायक कॉलोनी फेस-2 में सरकारी चकरोड पर हुए अवैध कब्जे को हटाने की शिकायत भी दर्ज कराई गई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर पहुंचें और समस्या का समाधान करें।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]