हरिद्वार: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण, गौसंरक्षण को बताया सामूहिक जिम्मेदारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि गौसंरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश से शुरू हुआ यह अभियान आज पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा कर रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।

सीएम धामी ने गौसंरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद और बायोगैस जैसे नवाचारों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करने में कामधेनुलोक जैसी परियोजनाओं को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही आगामी कुंभ-2027 को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए चल रही तैयारियों का भी जिक्र किया।

वहीं, 21 और 22 नवंबर को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी में लगातार संगठनात्मक गतिविधियां और मंथन चलता रहता है। कार्यसमिति की तैयारियां भी जारी हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]