छठ पूजा की तैयारियां तेज, एसडीएम संतराज सिंह बघेल ने दोनों प्रमुख पोखरों का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मानसरोवर और जटाशंकर पोखरे पर उमड़ती है हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, घाटों को व्यवस्थित करने में जुटा नगर प्रशासन

 

खड्डा, कुशीनगर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर खड्डा नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर के दो प्रमुख पोखरों मानसरोवर और जटाशंकर पोखरे पर हर साल हजारों श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए नगर प्रशासन ने घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है।

छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपजिलाधिकारी संतराज सिंह बघेल ने मानसरोवर पोखरे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोखरे के आसपास चल रहे साफ-सफाई और अन्य तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद एसडीएम ने जटाशंकर पोखरे का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा। दोनों पोखरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने को देखते हुए घाटों की सफाई, प्रकाश और अन्य जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि व्रतियों को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

गौरतलब है कि खड्डा नगर में छठ पूजा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं निर्जला व्रत रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत सभासद प्रदीप सिंह, भाजपा नेता प्रदीप शर्मा, सभासद प्रिंस मद्धेशिया, सभासद प्रदीप गुप्ता, लेखपाल वैभव शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

छठ महापर्व 13 तारीख से शुरू होकर 16 तारीख को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा। पर्व को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]