मुगलसराय: नाली की सफाई और सड़क निर्माण न होने पर फूटा लोगों का गुस्सा, नगर पालिका के खिलाफ किया प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हनुमानपुर वार्ड नंबर दो में गंदगी और जलभराव से परेशान लोग, दीपावली से पहले सफाई कराने की मांग; ईओ ने दोबारा सफाई के दिए निर्देश

मुगलसराय। हनुमानपुर वार्ड नंबर दो में नालियों की सफाई नहीं होने और नियमित झाड़ू न लगने से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। नाराज महिला और पुरुषों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर अपनी समस्याओं को उठाया। लोगों ने दीपावली से पहले मोहल्ले में साफ-सफाई कराने के साथ जर्जर गली का निर्माण कराने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मोहल्ले में काफी समय से साफ-सफाई नहीं हो रही है। गलियों में नियमित रूप से झाड़ू तक नहीं लगाई जाती। इस समस्या को लेकर विधायक से शिकायत की गई थी। विधायक ने चेयरमैन से संपर्क करने को कहा। चेयरमैन से बात नहीं हो पाने पर उनके पीए को बुलाकर समस्या दिखाई गई, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

वहीं, स्थानीय निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जायसवाल वाली गली के सामने स्थित रास्ते पर सफाई नहीं होती है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को खुद अपने हाथों से गली की सफाई करनी पड़ती है। नाली का गंदा पानी सड़क पर भर जाता है, जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है।

प्रदर्शन में माया देवी, चंपा देवी, सुनीता देवी, मुन्नी देवी, ममता देवी, जूता देवी, धनु देवी, वीरेंद्र कुमार, जितेंद्र, मलखान, सिराज, शिवकुमार, कल्लू, गुड्डू, अजीत कुमार और अरुण सहित कई स्थानीय लोग शामिल रहे।

इस मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में साफ-सफाई, नाली सफाई और कूड़ा प्रबंधन के लिए तीन अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। हनुमानपुर के कुछ स्थानों पर नालियों की सफाई ठीक से नहीं होने की शिकायत मिली है। इस पर संबंधित इंस्पेक्टर को तत्काल टीम भेजकर दोबारा बेहतर तरीके से सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।

ईओ ने यह भी कहा कि सफाई कर्मचारियों को भविष्य में लापरवाही नहीं बरतने और लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि दीपावली से पहले वार्ड में नालियों की सफाई, नियमित झाड़ू और सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि मोहल्लेवासियों को गंदगी और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

रिपोर्ट: अशोक कुमार जायसवाल, मुगलसराय।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]