सहारनपुर: देवबंद गैंगरेप मामले में 11 साल बाद फैसला, तत्कालीन SHO और SI को 20-20 साल की कैद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सहारनपुर। देवबंद में वर्ष 2015 में महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में करीब सवा 11 साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने मामले में दोषी तत्कालीन थाना प्रभारी ब्रजमोहन यादव और तत्कालीन उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह को 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दोनों दोषियों पर अलग-अलग कुल 1 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

पीड़िता की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता राजीव तोमर ने बताया कि गुरुवार को अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया था। इसके बाद शुक्रवार को सजा के बिंदु पर अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें सुनी गईं। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने सजा सुनाई।

अधिवक्ता के मुताबिक, भारतीय दंड संहिता की धारा 376डी के तहत दोनों दोषियों को 20-20 साल का कठोर कारावास और एक-एक लाख रुपये जुर्माने की सजा दी गई है। वहीं धारा 506 के तहत दोनों को पांच-पांच साल का कारावास और 20-20 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया गया है। अदालत ने दोनों धाराओं में दी गई सजाओं को साथ-साथ चलाने का आदेश दिया है।

फैसले के बाद अधिवक्ता राजीव तोमर ने बताया कि पीड़िता ने न्याय पाने के लिए सवा 11 साल तक लंबा संघर्ष किया है। इस दौरान उसे मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पीड़िता अदालत के फैसले से कुछ हद तक संतुष्ट है, लेकिन उसकी मांग थी कि दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिले।

अधिवक्ता ने यह भी बताया कि पीड़िता और उनकी कानूनी टीम अदालत के फैसले एवं आदेश का अध्ययन कर रही है। इसके बाद सजा बढ़ाने और पीड़िता को अधिक मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में अपील करने पर विचार किया जा रहा है।

करीब सवा 11 साल बाद आए इस फैसले को पीड़िता की लंबी कानूनी लड़ाई में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

रिपोर्ट: नीरज जोय, सहारनपुर।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]