ऋषिकेश। आईडीपीएल सिटी गेट पर कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर टकराव देखने को मिला। स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब धरने में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत को भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाने का प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ता काले झंडे लेकर धरना स्थल की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें बापूग्राम गेट पर ही रोक दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं को रोके जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी उग्र हो गए और सिटी गेट पर काले झंडे दिखाने के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और उनके बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने और पीछे हटाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं थे।
करीब आधे घंटे तक चले हंगामे और गहमागहमी के बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत करते हुए दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को पीछे हटाया। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों पक्षों के नेताओं ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए।
फिलहाल इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
संवाददाता: सागर रस्तोगी, ऋषिकेश।









