ऋषिकेश। त्योहारों की चहल-पहल के बीच ऋषिकेश में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। धनतेरस की रात आईडीपीएल सिटी गेट के पास स्थित गुप्ता टेलीकॉम की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर करीब 50 लाख रुपये कीमत के महंगे मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और उनका रिकॉर्डिंग सिस्टम (डीवीआर) भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
दुकान संचालक अश्वनी गुप्ता और आरोही गुप्ता के मुताबिक, धनतेरस के चलते दुकान देर रात करीब एक बजे तक खुली थी। दुकान बंद कर वे घर चले गए। आशंका है कि रात करीब दो बजे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह दुकान पहुंचने पर टूटा हुआ शटर देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जांच करने पर बड़ी संख्या में महंगे मोबाइल फोन गायब मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
धनतेरस जैसे प्रमुख त्योहार पर हुई इस बड़ी चोरी की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए मोबाइल फोन की बरामदगी की मांग की है।
इस घटना ने त्योहारों के दौरान पुलिस गश्त और बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
संवाददाता: सागर रस्तोगी, ऋषिकेश।









