लहचूरा (झांसी/मऊरानीपुर)। ग्राम पंचायत घाट लहचूरा में ‘नदियों के त्योहार’ के पावन अवसर पर धसान नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध माता मंदिर के समीप भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान श्रीमती कल्पना दीपक मिश्रा की अगुवाई में हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ धसान नदी की महाआरती की गई। इस दौरान नदी तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। हर-हर गंगे और मां धसान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर ब्रजकिशोर कुशवाहा, हेमंत शर्मा, महेश शर्मा, बासुदेव शर्मा, छत्रपाल, हजरत मोहम्मद, राजेन्द्र अहिरवार, तेजराम अहिरवार सहित गांव के तमाम गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
ग्राम प्रधान श्रीमती कल्पना दीपक मिश्रा ने कहा कि नदियां हमारी संस्कृति और जीवन की जीवनरेखा हैं। नदियों का त्योहार हमें जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से धार्मिक चेतना के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक भाईचारे का संदेश भी मिलता है।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में ग्रामीणों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।









