कन्नौज। जिला अस्पताल में प्रसूता को एनेस्थीसिया का इंजेक्शन देने के एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में डॉक्टर रविंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि रिश्वत की रकम न मिलने पर डॉक्टर ने प्रसूता को बिना इंजेक्शन लगाए ही वापस कर दिया था। मामले की शिकायत महिला के पति प्रांशु कटियार ने प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से की थी।
शिकायत के मुताबिक, प्रसूता को ऑपरेशन के लिए एनेस्थीसिया की जरूरत थी, लेकिन जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर रविंद्र कुमार ने इसके बदले पांच हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर प्रसूता को बिना उपचार के वापस कर दिया गया। इसके बाद परिजन महिला को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन के माध्यम से सुरक्षित प्रसव कराया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री असीम अरुण ने इसकी जानकारी प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को दी। इसके बाद संबंधित अधिकारियों के स्तर से कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को निलंबित कर दिया गया।
मंत्री असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में भ्रष्टाचार और चिकित्सकीय लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।









