आम का पेड़ काटते समय बड़ा हादसा, बिजली का खंभा गिरने से छह वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शाहजहांपुर। आम का पेड़ काटते समय हुए दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। पेड़ के 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर गिरने से बिजली का भारी-भरकम डबल पोल उखड़कर बच्ची के ऊपर जा गिरा। खंभे के नीचे दबकर मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी मनोज कुमार मौर्य की छह वर्षीय बेटी प्रतीक्षा सोमवार सुबह करीब सात बजे अपनी दादी और हमउम्र चचेरे भाई के साथ खेत से घर लौट रही थी। इसी दौरान पास के बगीचे में बिना सुरक्षा इंतजाम के आम का विशाल पेड़ काटा जा रहा था। अचानक पेड़ हाईटेंशन बिजली लाइन पर गिर गया। पेड़ के वजन से बिजली का डबल पोल टूटकर सीधे प्रतीक्षा के ऊपर गिर पड़ा। दादी और चचेरा भाई किसी तरह भागकर बच गए, लेकिन प्रतीक्षा खंभे के नीचे दब गई।

हाईटेंशन तारों में करंट प्रवाहित होने के कारण ग्रामीण भी बच्ची को बचाने के लिए तत्काल आगे नहीं बढ़ सके। बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद बच्ची को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

हादसे के बाद पेड़ कटवा रहे ठेकेदार मौके पर ट्रैक्टर और बाइक छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बिना सुरक्षा इंतजाम के पेड़ कटवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना है।

 संवाददाता- धर्मेंद्र कुमार शर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]