लखनऊ। 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने अपनी लंबित नियुक्ति की मांग को लेकर राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विधानसभा के सामने पहुंच गए और अपनी मांगों को लेकर सड़क पर लेटकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द नियुक्ति देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अभ्यर्थियों को हटाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें बसों के माध्यम से ईको गार्डन भेज दिया।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि 68500 शिक्षक भर्ती का मामला लंबे समय से लंबित है और वे लगातार नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग की।
उन्होंने सरकार से भर्ती का संशोधित परिणाम जल्द जारी करने और सभी पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की गुहार लगाई। अभ्यर्थियों का कहना है कि आरक्षण विवाद का निष्पक्ष समाधान कर भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाना चाहिए, ताकि लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके।
अभ्यर्थियों ने सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने और उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। विधानसभा के सामने हुए इस प्रदर्शन के चलते कुछ देर तक हलचल बनी रही।









