सोमवार को समाजवादी व्यापार सभा कानपुर नगर के महानगर अध्यक्ष नन्दलाल जायसवाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन के जरिए खाद्य विभाग की जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने और छोटे व्यापारियों को राहत देने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि संगठन खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए खाद्य सुरक्षा कानूनों का पूरी तरह समर्थन करता है, लेकिन जांच के नाम पर ईमानदारी से कारोबार करने वाले व्यापारियों का आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।
संगठन ने दीपावली के दौरान अनावश्यक निरीक्षण पर रोक लगाने, सैंपलिंग के समय निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन कराने तथा डराने-धमकाने और अवैध वसूली की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
इस मौके पर नन्दलाल जायसवाल ने कहा कि आम जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना जरूरी है, लेकिन इसके साथ छोटे व्यापारियों की आजीविका और सम्मान की रक्षा करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। व्यापारियों को भयमुक्त माहौल में कारोबार करने का अवसर मिलना चाहिए।









