बागपत। डगरपुर गांव में चौधरी ब्रह्मपाल की स्मृति में आयोजित 21 लाख रुपये की इनामी कुश्ती प्रतियोगिता में हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे। प्रतियोगिता में शेरा गुर्जर आगरा ने 5 लाख 11 हजार रुपये की कुश्ती जीतकर मुकाबला अपने नाम किया, जबकि ईरान के जलाल पहलवान दूसरे स्थान पर रहे। दंगल के दौरान रात में रागनी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव लल्ला गुर्जर का राजनीतिक बयान चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर किसानों और बेरोजगारों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, जिसके चलते बेरोजगार प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।
इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि योगी बाबा की अभी तक शादी नहीं हुई है, इसलिए वह बच्चों का दर्द क्या जानेंगे। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दंगल में अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण चौहान, हिंद केसरी सुभाष पहलवान, बैसला, काशी प्रधान, लीलू पहलवान, मुकेश प्रधान, ब्लॉक प्रमुख अनीश यादव, कृष्णपाल चेयरमैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। हरियाणा के पूर्व विधायक जयकरण सिंह, अर्जुन अवार्डी सुभाष कुमार, डॉ. कर्मवीर सिंह, सचिन, अभिषेक और रोहित ठेकेदार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
आयोजक रवि बैंसला ने प्रतियोगिता में पहुंचे पहलवानों और दर्शकों का आभार जताया।
लोकेशन- बागपत
रिपोर्टर- विकास शर्मा









