हाईवे हॉस्पिटल में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने इलाज पर उठाए सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। राजधानी के मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित हाईवे हॉस्पिटल में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। महिला की पहचान ऊषा के रूप में हुई है। वह पैर का ऑपरेशन कराने के लिए पिछले पांच दिनों से अस्पताल में भर्ती थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक, महिला की तबीयत मौत से कुछ समय पहले तक सामान्य थी। उन्होंने बताया कि ऊषा ने चाय-नाश्ता भी किया था और परिवार के लोगों से हंसते-बोलते बातचीत कर रही थी। इसी दौरान पैर में मामूली दर्द होने की शिकायत पर डॉक्टर को जानकारी दी गई। आरोप है कि डॉक्टर ने उन्हें इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी अचानक मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने इलाज के दौरान लापरवाही की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर मड़ियांव थाना प्रभारी आलोक राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू की।

फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, परिजन घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]