हरिद्वार से बनारस तक निकली संत रविदास संदेश यात्रा, लखनऊ में हुआ भव्य स्वागत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर हरिद्वार से बनारस तक निकाली जा रही संत रविदास संदेश यात्रा सोमवार को राजधानी लखनऊ पहुंची। हजरतगंज में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा अंबेडकर प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर संत रविदास के संदेशों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

यात्रा का नेतृत्व स्वामी संत संदीप खत्री रविदासाचार्य, महामंडलेश्वर ने किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों पर सवाल उठाते हुए दलित समाज के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

उन्होंने पीडीए की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि दलित समाज के अधिकारों और महापुरुषों के सम्मान को लेकर राजनीतिक दलों को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कांशीराम मेडिकल कॉलेज का नाम बदले जाने और संत रविदास नगर का नाम बदलकर भदोही किए जाने के मुद्दे पर भी नाराजगी जताई।

स्वामी संदीप खत्री ने आरक्षण संशोधन बिल के विरोध, सहारनपुर में दलितों की अनदेखी और राज्यसभा चुनाव में पीडीए की भूमिका को लेकर भी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित महापुरुषों के सम्मान को लेकर केवल दिखावा किया जा रहा है।

यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और अनुयायी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सामाजिक अधिकारों, दलित समाज के सम्मान और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।


और पढ़ें

[the_ad id="164"]