तालाब किनारे मिला दो दिन से लापता सात वर्षीय आदिल का शव, मुंह-नाक पर मिले खून के निशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के महमूद नगर में दो दिन से लापता सात वर्षीय मासूम आदिल का शव रविवार को तालाब के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के मुंह और नाक पर खून के निशान मिलने से परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, महमूद नगर निवासी साबिर अली का सात वर्षीय बेटा आदिल जन्म से बोलने में असमर्थ था और मानसिक रूप से भी कमजोर था। परिजनों के अनुसार, 30 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे वह अचानक घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी गई थी।

स्थानीय लोगों ने परिजनों को बताया कि आदिल को राजा के तालाब के पास खेलते हुए देखा गया था। इसके बाद रविवार को पिता साबिर ने जेसीबी की मदद से तालाब के आसपास तलाश कराई। इसी दौरान मासूम का शव बरामद हो गया। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मृतक के शरीर पर मिले निशानों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आशंका है कि खेलते समय वह तालाब में गिर गया होगा, हालांकि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्ट- सत्येंद्र कुमार

और पढ़ें

[the_ad id="164"]