धूमधाम से हुआ यातायात माह नवंबर का शुभारंभ, डीएम-एसपी ने दिखाई जागरूकता वाहनों को हरी झंडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उरई (जालौन)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन उरई में यातायात माह नवंबर का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने यातायात जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन पूरे नवंबर माह जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करना बेहद जरूरी है। यातायात नियमों की अनदेखी न केवल वाहन चालक बल्कि अन्य लोगों के जीवन के लिए भी खतरा बन सकती है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवंबर माह में यातायात नियमों के प्रति व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

यातायात माह के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित यात्रा में सहयोग करने की अपील की।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]