दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश, जारी मस्टररोल निरस्त करने को कहा; जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई और संविदा समाप्ति की चेतावनी
खड्डा (कुशीनगर)। विकास खंड खड्डा में सरकारी निर्देशों की अनदेखी कर मस्टररोल जारी करने के मामले में खंड विकास अधिकारी ने चार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों से दो दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने और जारी किए गए मस्टररोल को तत्काल निरस्त करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ संविदा समाप्ति की कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
खंड विकास अधिकारी कार्यालय खड्डा से एक नवंबर 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, शासन के ग्राम विकास अनुभाग-6 के आठ अक्टूबर 2026 के निर्देश के क्रम में एक से 20 नवंबर 2026 तक वीबीजीआरएमजी के तहत कराए जाने वाले समस्त कार्य पूर्णतया बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में संबंधित कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठकें भी की गई थीं। साथ ही व्हाट्सएप के माध्यम से भी स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि निर्धारित अवधि में कोई मस्टररोल जारी नहीं किया जाए।
इसके बावजूद आरोप है कि संबंधित कर्मचारियों ने निर्देशों का पालन नहीं किया और एक नवंबर को अपनी आईडी से मस्टररोल जारी कर दिया। इसे अधिकारियों ने शासन के निर्देशों की अवहेलना और गंभीर लापरवाही माना है।
इस मामले में जिन चार कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें ग्राम पंचायत सचिव अशोक कुशवाहा (सिसवा मनीराज), ग्राम रोजगार सेवक सत्येंद्र सिंह (मथनपुर सुकरौली), ग्राम रोजगार सेवक रामायण गुप्ता (महदेवा) और ग्राम रोजगार सेवक अल्ताफ हुसैन (तुकराही) शामिल हैं।
खंड विकास अधिकारी ने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि जारी मस्टररोल को निरस्त कर दो दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए संविदा समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी।
नोटिस की प्रतिलिपि उप श्रम रोजगार, कुशीनगर को भी आवश्यक कार्रवाई एवं अवलोकन के लिए भेजी गई है। इस कार्रवाई से विकास खंड के कर्मचारियों में हलचल मची हुई है।









