1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन, राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। वर्ष 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद देशभर में हुए सिख विरोधी दंगों का दर्द सिख समाज आज भी नहीं भूला है। इसी मुद्दे को लेकर लखनऊ में सिख समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सिख समाज के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और दंगा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि 31 अक्टूबर 1984 के बाद दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में सिख समुदाय को निशाना बनाया गया। लोगों के घरों और दुकानों में लूटपाट की गई तथा कई लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। महिलाओं के साथ भी बर्बरता की गई। प्रदर्शनकारियों ने तत्कालीन कांग्रेस नेता के विवादित बयान ‘जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है’ का भी जिक्र किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में हजारों सिखों की हत्या हुई, जबकि कानपुर में भी 127 सिखों की जान गई और कई लोग आज तक लापता हैं। वक्ताओं ने कहा कि दशकों बाद भी पीड़ित परिवार न्याय की आस लगाए बैठे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में कांग्रेस की रैली आयोजित किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जिस दिन सिख समाज नरसंहार का दर्द याद करता है, उस दिन राजनीतिक रैली आयोजित करना उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आलमबाग से खालसा चौक तक मार्च निकाला और सभा कर अपनी मांगें उठाईं। उन्होंने राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी मांगने तथा दंगा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की अपील की।

 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]