हरदोई। दीपावली के त्योहार को देखते हुए जिले में अवैध पटाखों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शाहाबाद कस्बे में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। टीम ने अवैध पटाखों के गोदामों को सीज कर दिया, जबकि तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना शाहाबाद क्षेत्र के कस्बे में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान के तहत अवैध रूप से पटाखों के भंडारण की जांच की। इस दौरान अवैध पटाखों के गोदामों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पटाखों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया।
मामले में तीन अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी शाहाबाद संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान संभावित आगजनी और हादसों को रोकना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।









