महराजगंज। नेपाल के डोल्पा जिले की जिला जेल में सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर छह कैदियों के फरार होने से हड़कंप मच गया है। कैदियों ने जेल के भीतर से सुरंग खोदकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। फरार कैदियों के भारत में प्रवेश करने की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, नेपाल के डोल्पा जिले में स्थित जिला जेल में बंद छह कैदियों ने बैरक से बाहरी दीवार तक करीब 4.63 मीटर लंबी सुरंग खोदी और इसी रास्ते जेल से फरार हो गए। फरार कैदियों में चार चोरी और दो दुष्कर्म के मामलों में सजा काट रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही नेपाली सुरक्षा एजेंसियों ने कैदियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
वहीं, घटना के बाद महराजगंज से सटे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। बेलहिया-सोनौली बॉर्डर सहित सीमावर्ती पगडंडी मार्गों पर सुरक्षा एजेंसियां विशेष निगरानी रख रही हैं। सीमा पर आने-जाने वाले लोगों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
छह कैदियों के फरार होने की घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल नेपाल में फरार कैदियों की तलाश जारी है और भारतीय सीमा पर भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं।









