बाराबंकी: देवा मेले में लोकगायिका संजू सिंह की गायकी का चला जादू, लोकगीतों पर झूमे दर्शक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाराबंकी। ऐतिहासिक देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शनिवार को आयोजित ‘स्वर झंकार’ कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोकगायिका संजू सिंह ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मन मोह लिया। भक्ति गीतों से लेकर अवधी, भोजपुरी और पूर्वी लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।

आकाशवाणी एवं दूरदर्शन की प्रख्यात कलाकार संजू सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत भक्तिरस से जुड़ी प्रस्तुति ‘जो रब है वही राम है’ से की। इस भजन के माध्यम से उन्होंने सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इसके बाद ‘जय-जय छठी महारानी’ छठगीत, ‘ना जाने झुलनी का हाल रे’, ‘के खटकावे केवड़िया ना’ और ‘सईयां बड़ा बेइमान हो’ जैसे लोकगीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

वहीं, ‘खो गइले बलमा हमार, रखी रे देवा के मेला में’ गीत ने मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए। इसके अलावा कबीर के निर्गुण भजन, देवी गीत, झूमर, बारहमासा और बिदेसिया गीतों के जरिए उन्होंने भारतीय लोकसंस्कृति की समृद्ध परंपरा को मंच पर जीवंत किया।

कार्यक्रम में पंडित सुभाष कन्नौजिया ने ढोलक, दीना ने बैंजो, चन्द्रेश पाण्डेय ने हारमोनियम और मुकेश विश्वकर्मा ने साइड रिदम पर शानदार संगत की। लोकसंगीत और भक्ति रस से सजी इस शाम में दर्शक तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।

देवा मेले की यह सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों की मिठास और पारंपरिक संगीत की मधुर धुनों के बीच यादगार बन गई।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]