आजम खान से मिलने जिला जेल पहुंचे पूर्व बार अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू, रिहाई की अटकलें तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की रिहाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच रामपुर जिला जेल में बंद आजम खान से मुलाकात करने उनके करीबी और बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू जिला जेल पहुंचे। उनके जेल पहुंचने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, सतनाम सिंह मट्टू आजम खान और अब्दुल्ला आजम से संबंधित परवाना लेकर जेल के अंदर दाखिल हुए हैं। फिलहाल उन्होंने जेल परिसर के बाहर मौजूद मीडिया से कोई बातचीत नहीं की है। ऐसे में सभी की निगाहें उनकी मुलाकात के बाद जेल से बाहर आने पर टिकी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद आजम खान और अब्दुल्ला आजम की रिहाई को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, दोनों की रिहाई को लेकर अभी कानूनी प्रक्रिया और जेल प्रशासन की औपचारिकताओं पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

सतनाम सिंह मट्टू की जेल में मौजूदगी के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या आजम खान और अब्दुल्ला आजम को आज ही जेल से रिहाई मिल जाएगी या फिर किसी कानूनी औपचारिकता के चलते इंतजार करना पड़ेगा।

फिलहाल रामपुर जिला जेल के बाहर राजनीतिक कार्यकर्ताओं, समर्थकों और मीडिया की निगाहें टिकी हुई हैं। सतनाम सिंह मट्टू के बाहर आने और उनके बयान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]