सड़क हादसों पर अंकुश से लेकर नशा तस्करी तक, डीएम-एसपी ने की समीक्षा बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई संयुक्त बैठक, महिला एवं बाल अपराधों में प्रभावी पैरवी और पीड़िताओं को समयबद्ध सहायता देने के निर्देश

कुशीनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में सड़क सुरक्षा, ई-प्रॉसिक्यूशन/अभियोजन, एनकोर्ड (NCORD) तथा रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा समेत जनपद के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

सड़क दुर्घटनाओं में मौतों को कम करने पर जोर

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

महिला और बाल अपराधों में प्रभावी पैरवी के निर्देश

ई-प्रॉसिक्यूशन एवं अभियोजन पोर्टल की समीक्षा के दौरान लंबित मामलों और पोर्टल पर आवश्यक सूचनाओं की फीडिंग की स्थिति पर चर्चा हुई। अधिकारियों को महिलाओं, बच्चों और गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए गए, ताकि दोषसिद्धि का प्रतिशत बढ़ाया जा सके। साथ ही लंबित आरोप-पत्रों और अंतिम रिपोर्टों को समयबद्ध तरीके से न्यायालय में दाखिल कराने तथा मुकदमों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

नशा तस्करों पर सख्ती और जागरूकता अभियान पर जोर

एनकोर्ड (NCORD) की बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम को लेकर रणनीति बनाई गई। अधिकारियों को नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और युवाओं सहित आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

पीड़ित महिलाओं को समय से मिलेगी सहायता

रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना की समीक्षा के दौरान विभिन्न प्रकरणों में पीड़िताओं को मिलने वाली क्षतिपूर्ति और आर्थिक सहायता पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र पीड़िताओं को नियमानुसार समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जाए और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्यों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें, ताकि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]