कानपुर। शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बेखौफ चोर आए दिन चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला काकादेव थाना क्षेत्र के विजय नगर का है, जहां देर रात बाइक सवार तीन चोरों ने विमल प्रोविजन स्टोर को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये की चोरी कर ली।
जानकारी के मुताबिक, देर रात तीन चोर बाइक से दुकान के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी के साथ चांदी के सिक्कों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। वहीं, सेंट्रल जोन के स्वरूप नगर और नजीराबाद थाना क्षेत्रों में भी चोरी की 10 से अधिक घटनाएं सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने चोरियों पर अंकुश लगाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बड़ी चुनौती है।









