भू-जल दोहन और जल प्रदूषण के खिलाफ किसानों का हल्लाबोल, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नोएडा। जनपद में लगातार हो रहे भू-जल के अंधाधुंध दोहन और जल प्रदूषण के खिलाफ भारतीय किसान संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। नोएडा महानगर अध्यक्ष दीपू यादव के नेतृत्व में किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने क्षेत्र में संचालित कथित अवैध कपड़ा रंगाई फैक्ट्रियों और बिल्डर परियोजनाओं में भू-जल के अत्यधिक दोहन का मुद्दा उठाया। किसान नेताओं का आरोप है कि कुछ रंगाई फैक्ट्रियों से निकलने वाला रसायनयुक्त पानी जमीन में बहाया जा रहा है, जिससे भूमिगत जल दूषित होने का खतरा बढ़ रहा है। इससे आमजन के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर गंभीर असर पड़ सकता है।

किसानों ने मांग की कि अवैध रूप से संचालित रंगाई फैक्ट्रियों को तत्काल सील किया जाए तथा दोषी संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर भारी जुर्माना लगाया जाए। इसके अलावा बिल्डर साइटों पर निर्माण कार्य में भू-जल के स्थान पर एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल अनिवार्य करने की मांग की गई।

संगठन ने बिना अनुमति चल रहे व्यावसायिक बोरवेल पर रोक लगाने और आवासीय सोसायटियों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की जांच कराने की भी मांग उठाई।

किसान संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे जनपद में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन से भू-जल संरक्षण और प्रदूषण रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]